2 नवंबर 2014 - 18:54
इराक़ में अक्टूबर महीने में मरने वालों की संख्या 1273।

अक्तूबर में इराक़ में झड़पों और आतंकवादी हमलों में कम से कम 1273 व्यक्ति मारे गए। यह पिछले महीने की तुलना में बड़ी संख्या है। सितंबर महीने में इराक़ में इस प्रकार की घटनाओं में 1119 व्यक्ति हताहत हुए थे।

अबनाः इराक़ में अक्तूबर में मारे जाने वालों और घायलों की संख्या की घोषणा, आतंकवादियों के क़ब्ज़े से चार और क्षेत्रों की रिहाई, आईएसआईएल द्वारा अलबू निम्र क़बीले के 85 सदस्यों की हत्या, इराक़ी संसद की अंबार के क़बीलों को तेज़ी से हथियार से लैस करने पर बल और इसी प्रकार स्पाइकर वायु सैन्य छावनी में आईएसआईएल के हाथों मारे जाने वालों और बादूश जेल से लापता होने वालों की संख्या में वृद्धि, इराक़ में सुरक्षा से जुड़े ताज़ा हालात हैं।
बग़दाद में संयुक्त राष्ट्र संघ के प्रतिनिधि ने शनिवार को एक रिपोर्ट में कहा कि अक्तूबर में इराक़ में झड़पों और आतंकवादी हमलों में कम से कम 1273 व्यक्ति मारे गए। यह पिछले महीने की तुलना में बड़ी संख्या है। सितंबर महीने में इराक़ में इस प्रकार की घटनाओं में 1119 व्यक्ति हताहत हुए थे।
इस रिपोर्ट के अनुसार अक्तूबर महीने में 856 आम इराक़ी और 417 सुरक्षा बल के जवान हताहत हुए। इसी प्रकार 2010 इराक़ी घायल हुए हैं। इसी प्रकार इस रिपोर्ट के अनुसार जिसमें अलअंबार सहित आतंकवादियों के नियंत्रण वाले क्षेत्रों में मारे जाने वालों की संख्या शामिल नहीं है, सबसे ज़्यादा लोग बग़दाद में मारे गए जिनकी संख्या 379 है।
एक अन्य रिपोर्ट के अनुसार सलाहुद्दीन प्रांत में इराक़ी सेना के अभियान के कमान्डर अब्दुल वह्हाब साएदी ने शनिवार को बताया कि सेना ने जनता के सहयोग से सलाहुद्दीन प्रांत के केन्द्र में स्थित अलमज़रआ इलाक़े को आतंकवादियों के वजूद से पाक कर दिया है।